छापे में घर में पकड़ी गई गोकशी
थानाभवन (शामली)। 3 दिसंबर
पुलिस ने मोहल्ला सराय निवासी फुरकान के घर पर छापा मारकर गोकशी पकड़ी। पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने करीब 40 किलो मांस बरामद किया है। पुलिस ने मांस को जांच के लिए प्रयोगशाला में भेज दिया है।
गोकशी पकड़े जाने की सूचना पर विश्व हिंदू परिषद के लोग थाने में पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। विहिप के नेताओं ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन शुरू किया जाएगा। विहिप नेताओं ने कहा कि किसी को माहौल खराब करने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए।
मोहल्ला सराय में पुलिस को सूचना मिली कि एक घर में गोकशी की जा रही है। सूचना पर पुलिस ने मोहल्ला निवासी फुरकान के घर पर दबिश दी। पुलिस के मुताबिक घर के अंदर कुछ लोग गोकशी कर रहे थे। पुलिस को देखकर आरोपी छत के रास्ते कूदकर फरार हो गए। इस दौरान घर में मौजूद महिलाएं पुलिस के साथ भिड़ गई और अभद्रता शुरू कर दी। हालांकि पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए महिला पुलिस की मदद से मौके से पशु के धड़ सहित करीब चालीस किलो मांस बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी शावेज (19) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बरामद मांस की जांच कराने के लिए भेज दिया है, जबकि एक महिला सहित चार लोगों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कार्यवाहक थाना प्रभारी रामकुमार का कहना है कि आरोपी फुरकान सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उधर, विश्व हिंदू परिषद के नेताओं ने पुलिस से गोकशी को रुकवाने और इस धंधे में लिप्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। विहिप के बिन्नी राणा, शालू राणा, रिंकू चावला, आशीष गोयल, भारत भूषण शर्मा आदि ने गोकशी की घटनाओं पर लगाम नहीं लगने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।।