शामली। कस्बा जलालाबाद निवासी व्यक्ति कुछ दिन पूर्व ही सऊदी अरब से लौटा है। उसको अज्ञात युवक मोबाइल फोन पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़ित व्यक्ति ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे महबूब पुत्र मकसूद निवासी मोहम्मदीगंज जलालाबाद ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायत पत्र में बताया कि वह चार साल से सऊदी अरब में रह रहा था। पंद्रह दिन पूर्व ही वह जलालाबाद लौटा है। इसी दौरान उसने एक नया सिमकार्ड लिया, जिसके बाद से अज्ञात युवक अलग अलग नंबर से उसको परेशान कर रहा है। गाली गलौज करता है तथा उसकी पत्नी के बारे में अपशब्द कहता है। विरोध करने पर वह परिवार सहित जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। इस कारण उसका परिवार दहशत में है। महबूब ने गुहार लगाई कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई कराई जाए। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।
आरोपियों को गिरफ्तार कराने की मांग
शामली। झिंझाना थाना क्षेत्र के म्यान कस्बा हरिनगर निवासी बबली पत्नी गजे सिंह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत पत्र दिया।
बताया कि गत एक अक्तूबर की सुबह गांव के ही नीरज, शोकेंद्र, सरोज और रमन ने उसके घर में घुसकर उसकी बेटियों के साथ जोर जबरदस्ती की थी। विरोध करने पर मारपीट की। मामले में झिंझाना थाने पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने अभी तक सिर्फ नामजद आरोपी नीरज को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य आरोपी गांव में खुले घूम रहे हैं। आरोप है कि मुकदमे में समझौता करने के लिए दबाव बनाते हुए जान से मारने और उसकी बेटियों को उठाकर ले जाने की धमकी भी दे रहे हैं। बबली ने गुहार लगाई है कि आरोपियों को गिरफ्तार कराया जाए। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।