कैराना। हरियाणा से तस्करी कर लाई जा रही 375 अंग्रेजी शराब से भरा ट्रक पकड़ा गया है। पुलिस ने चालक को भी दबोच लिया। यह शराब हरियाणा के अंबाला से तस्करी कर मेरठ लाई जा रही थी। पकड़ी गई शराब की कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
मंगलवार को कोतवाली में प्रेसवार्ता के दौरान सीओ निशांक शर्मा ने बताया कि सोमवार रात 12 बजे पुलिस टीम यमुना पुल पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पानीपत की ओर से आ रहे ट्रक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो चालक ने ट्रक की गति बढ़ा दी। जिस पर पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को रुकवा लिया।
पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली, तो उसमें से चंडीगढ़ मार्का की शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी चालक को भी हिरासत में ले लिया। कोतवाली में लाकर पुलिस ने ट्रक में 375 पेटी चंडीगढ़ मार्का शराब बरामद की।
सीओ ने बताया कि पकड़ी गई शराब की कीमत करीब 25 लाख रुपये है। ट्रक चालक चरण सिंह निवासी ग्राम झिंगपुर मलकपुर थाना कुरुक्षेत्र हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया गया। सीओ ने बताया कि यह शराब पंजाब के अंबाला से लेकर मेरठ ले जाई जा रही थी।