लुटेरे का सुराग नहीं लगा
शामली। लिफ्ट देकर देहरादून की महिला से जेवरात लूटने वाले स्कूटर सवार आरोपी युवक का पुलिस दूसरे दिन भी सुराग नहीं लगा पाई है। पुलिस आरोपी की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है।
देहरादून निवासी प्रेमकौर से रविवार दोपहर को स्कूटर सवार युवक ने गुरुद्वारा तिराहे से सिलावर ले जाने के बहाने लिफ्ट दी थी। इसके बाद युवक ने रास्ते में किरोड़ी मोड़ के निकट रजबहे की पटरी पर ले जाकर तमंचे के बल पर कुंडल, कड़े और सोने की चेन लूट ली थी। इसके बाद आरोपी महिला को रजबहे में धक्का देकर फरार हो गया था। प्रेमकौर मूल रूप से गांव सिलावर की रहने वाली है और वह अपने परिवार में शादी समारोह में शामिल होने के लिए देहरादून से बस से शामली पहुंची थी। पीड़िता ने किसी तरह रजबहे से निकलकर परिजनों सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई थी। पुलिस घटनास्थल से लेकर मार्ग पर दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है. ताकि आरोपी की पहचान होने में मदद मिल सके। हालांकि पुलिस को अभी कोई पुख्ता सुराग हाथ नहीं लगा है। आदर्श मंडी थाना प्रभारी यज्ञदत्त शर्मा का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।