शामली। ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि घटना के बाद उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। हादसे में मरने वाले युवक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है।
रविवार सुबह बाइक सवार तीन युवक शामली से कैराना की ओर जा रहे थे। उसी दौरान कैराना की ओर से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठे दो युवक घायल हो गए। घटना के बाद भीड़ एकत्रित हो गई। इस दौरान मृतक युवक के दोनों साथी मौका पाकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मृतक युवक की शिनाख्त कराने की कोशिश, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक पर तीन युवक सवार थे, तीनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। हादसे के दौरान दोनों युवक बच गए, लेकिन चालक ट्रक के पहिये की चपेट में आ गया। वहीं, कोतवाली प्रभारी जेएस कालरा ने बताया कि हादसे में घायल हुए दोनों युवक भागे क्यों। पुलिस अंदेशा जता रही है कि हो सकता है कि बाइक सवार तीनों युवक बदमाश हो और दो बदमाश पकड़े जाने के भय से मौके फरार हो गए हो। जिस पर बाइक पर तीनों युवक सवार थे उसका नंबर भी जांच में फर्जी सामने आया है।