क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने कैराना कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह अपने पांच भाइयों के साथ हरियाणा के सोनीपत जिले के ट्रांसपोर्टर के यहां चालक की नौकरी करता था। आरोप है कि ट्रांसपोर्टर पर उसकी कई महीने की तनख्वाह बकाया थी। पूर्व में कई बार उसकी मांग की गई थी। आरोप है कि गत 29 जून को ट्रक मालिक ने उसकी पत्नी को बकाया रकम देने के लिए अपने घर पर बुला लिया। इसके बाद एटीएम से रुपये निकालकर देने के बहाने कार में बैठाकर यमुना बंधे पर ले गए। वहां उसकी पत्नी के साथ ट्रक मालिक और उसके साथियों ने दुष्कर्म किया तथा अश्लील क्लिप भी बना ली। इसके बाद धमकी देकर कहा कि यदि दोबारा तनख्वाह मांगी, तो अंजाम बुरा होगा। कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह का कहना है कि घटना 29 जून की बताई गई है, जबकि तहरीर अब दी गई। मामला संदिग्ध लग रहा है, गंभीरता से जांच कराई जा रही है।
तीन पेटी शराब सहित आरोपी दबोचा
कैराना। पुलिस ने यमुना पुल पर चेकिंग के दौरान हरियाणा से टैंपू में लादकर लाई जा रही हरियाणा मार्का देशी शराब की तीन पेटी बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार सुबह यमुना पुल पर चेकिंग के दौरान टैंपू पकड़ा गया। शराब तस्करी के आरोपी में अंजू निवासी गांव मवी (कैराना) को गिरफ्तार कर लिया गया। दोपहर में पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया।