शादी समारोह में जा रहे परिवार पर मामूली विवाद होने पर कुछ युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने महिलाओं को भी पीटा और अभद्रता की। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण तनाव की स्थिति बन गई।
सोमवार को कस्बा कांधला के मोहल्ला सरावज्ञान निवासी सर्राफ आदेश कुमार बेटी की शादी के लिए परिवार के साथ दिल्ली जा रहे थे। जब उनकी कार पीएनबी शाखा के पास पहुंची, तो सड़क पर दूसरे समुदाय के युवक की बाइक खड़ी थी। आदेश ने बाइक हटाने के लिए कहा, जिस पर दोनों के बीच गाली गलौज हो गई। कुछ ही देर में युवक के पक्ष में काफी लोग वहां पर जमा हो गए। जिसके बाद आदेश और उसके परिवार के लोगों के साथ मारपीट कर दी। महिला ने बीच बचाव का प्रयास किया, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। मामला बढ़ने पर जिम्मेदार लोगों ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग-अलग किया।
हमले में आदेश के परिवार से ऋषभ, सविता और कालू घायल हो गए। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण तनाव की स्थिति बन गई। आदेश पक्ष ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना के बाद मौके पर पुलिस भेजी गई थी, लेकिन मौके पर कोई नहीं मिला। तहरीर आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।