विद्युत निगम की टीम के साथ मारपीट
कैराना 28 अगस्त। आर्यपुरी में बिजली चेकिंग करने गई विद्युत निगम की टीम के साथ आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इसके बाद विद्युत निगम की टीम लौट गई। टीम प्रभारी ने कोतवाली में आरोपियों के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
सोमवार को ऊंचागांव बिजलीघर पर तैनात जेई संतोष कुमार ने टीम के साथ आर्यपुरी बस्ती में बिजली चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने तीन घरों में बिजली चोरी पकड़ ली। विद्युत निगम की टीम ने जैसे ही मौके की वीडियोग्राफी शुरू की तो आरोपियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने टीम के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान सरकारी कागज भी आरोपियों ने फाड़ दिए। मौके पर हंगामा होने पर विद्युत निगम की टीम लौट गई। बाद में जेई संतोष कुमार, मीटर रीडर शोएब, संविदाकर्मी लाइनमैन सादाब व तेज सिंह ने कोतवाली में आरोपियों के विरुद्ध तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।