अमर उजाला ब्यूरो
थानाभवन। सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोपियों ने पीड़िता पर 28 हजार रुपये लूटने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पीड़िता व उसके भाई को थाने लाकर पूछताछ की। उधर, पीड़िता ने उन्हें झूठे मामले में फंसाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
19 अप्रैल को क्षेत्र निवासी युवती ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर कस्बे के तीन युवकों के खिलाफ नशे का इंजेक्शन देकर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। आरोप है कि पांच दिन बीतने के बाद भी युवती की तहरीर पर पुलिस ने कोई करवाई नहीं की। मंगलवार को दुष्कर्म के आरोपियों ने युवती पर उनके दफ्तर में आकर 28 हजार रुपये लूटने का आरोप लगाया। इस शिकायत पर जांच के लिए पुलिस ने युवकों के दफ्तर का सीसीटीवी कैमरा चेक करना चाहा तो उन्होंने कैमरा खराब होना बताया। इसके बाद पुलिस युवती व उसके भाई को पूछताछ के लिए थाने ले गई। युवती ने बताया कि उसे झूठा फंसाया गया है। आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया है और वह गर्भवती है। मुकदमे से बचने के लिए उन्होंने उस पर लूट का आरोप लगा रहे है। थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।