बेटी की शादी के लिए बना फर्जी दरोगा
कांधला (शामली)। पुलिस की वर्दी पहनकर दरोगा बनकर वाहनों से अवैध वसूली करते हुए एक युवक को पुलिस ने पकड़ा है। पकड़ा गया युवक मेरठ जिले का माछरा निवासी है। उसके पास से पांच हजार की नगदी, मोबाइल, पुलिस की वर्दी बरामद हुई है।
शनिवार को थाना परिसर में सीओ राजेश तिवारी ने प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि पूर्वी यमन नहर पटरी पर एक व्यक्ति खुद को दरोगा बताकर वाहनों से वसूली कर रहा है। वह पुलिस की वर्दी पहने हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम शिवकुमार, निवासी गांव माछरा थाना किठौर जिला मेरठ बताया। उसने बताया कि उसकी घर की स्थिति ठीक नही है । उसकी दो बेटियां हैं, जिसकी शादी की चिंता सता रही है। इसी वजह से उसने ये कदम उठाया।
मेरठ से खरीदी वर्दी
सीओ के अनुसार युवक ने बताया कि उसने मेरठ से उसने पुलिस की वर्दी खरीदी। उसके बाद वर्दी पहनकर रौब गालिब कर ये काम शुरू कर दिया। रुपये जोड़कर वो अपनी बेटियों की शादी करना चाहता था। पुलिस ने व्यक्ति के पास से पांच हजार की नगदी, एक मोबाइल, व पुलिस वर्दी दो स्टार सहित बरामद करके चलान कर दिया है।