शामली। शहर में एक प्राइमरी शिक्षक के खाते से 60 हजार रुपये निकाले जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने साइबर सेल में शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
एटीएम के अंदर स्कीमर डिवाइस लगाकर लोगों के डेबिट कार्ड का डाटा चोरी करने के मामले शहर में भी आने लगे हैं। करोड़ी की एक प्राइमरी टीचर रविता मलिक के साथ भी इसी तरह की ठगी हुई है। उनके बैंक एकाउंट से 31 अक्तूबर को अलग-अलग जगह से किश्तों में 60 हजार रुपये निकाल लिए गए। महिला की शिकायत पर साइबर सेल ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। साइबर सेल प्रभारी कर्मवीर सिंह के अनुसार महिला के एकाउंट से जिस तरह रकम निकाली गई है। उससे इस बात की पूरी संभावना है कि उसके एटीएम कार्ड का भी क्लोन बनाकर डुप्लीकेट कार्ड से ये ठगी हुई है। क्योंकि एक दिन पहले ही महिला ने एटीएम कार्ड से पांच हजार रुपये निकाले थे। इसलिए जिस एटीएम से उन्होंने नकदी निकाली थी वहां के सीसीटीवी कैमरे चेक किए जाएंगे।