कार सवारों ने की होमगार्ड के साथ मारपीट
कैराना (शामली)। झाड़खेडी रोड से होली का दहन के लिए लकड़ी लेकर लौट रहे कोतवाली के एक होमगार्ड के साथ कार सवारों ने मारपीट कर घायल कर दिया। सूचना पर पुलिस पर पहुंची पुलिस ने एक हमलावर को हिरासत में ले लिया, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।
नगर के मोहल्ला दरबारखुर्द तितरवाड़ा रोड निवासी विजय कोतवाली कैराना में होमगार्ड के पद पर तैनात है। शनिवार शाम करीब दस बजे वह झाडूखेड़ी रोड से होलिका दहन के लिए लकड़ी लेकर मोहल्ले में लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में शराब के नशे में धुत्त दबंगों ने होमगार्ड से लकड़ी को लेकर विवाद खड़ा कर दिया और उसके साथ लकड़ियों से ही मारपीट कर दी, इसमें होमगार्ड घायल हो गया। घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई, जिस पर तुरंत पुलिस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से फरार हो रहे आरोपियों में से एक आरोपी को दबोच लिया, इसको हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई, जबकि घायल होमगार्ड को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास चल रहे हैं।