कैराना में महिला से लूटपाट
कैराना (शामली)। गांव रामड़ा में बुधवार की देर रात पति की गैरमौजूदगी में घर पर सो रही महिला से एक बदमाश ने तमंचे के बल पर आतंकित कर बीस हजार रुपये और जेवरात लूट लिए। पीड़िता ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बृहस्पतिवार को नजाकत निवासी ग्राम रामड़ा ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह किसी कार्य से अपने घर से बाहर गया हुआ था। उसकी पत्नी तौसीना घर पर अकेली थी। घटना बुधवार की रात करीब 12 बजे की है, जब उसकी पत्नी घर पर सोयी हुई थी। आरोप है कि एक व्यक्ति ने मकान के मुख्य गेट से उसे आवाज लगाकर किवाड़ खोलने की बात कही, जिस पर उसने मना कर दिया। इसके बाद आरोपी युवक मकान के बाहर लगी रोशनी की लाइटों को तोड़ते हुए दीवार फांदकर अंदर घुस आया। आरोप है कि उसकी पत्नी को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया, जिसके बाद उससे घर में रखी बीस हजार रुपये की नकदी, बड़ा स्टेब्लाइजर, सोने की एक जोड़ी बाली, सोने की हसली आदि कीमती सामान लूटकर धमकी देता हुआ मौके से फरार हो गया। पीड़ित ने बताया कि महिला की ओर से घटना की जानकारी दिए जाने के बाद वह घर पर पहुंचा। पुलिस को घटना के संबंध में तहरीर दे दी गई है।