कैराना(शामली)। ससुराल पहुंचे दामाद ने हलवे में नशीला पदार्थ खिला कर पत्नी और सास की हत्या की कोशिश की। गंभीर घायल मां-बेटी को अस्पताल भिजवाया गया, जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव पावटी कलां निवासी वाजिद ने कोतवाली कैराना पर तहरीर देकर बताया कि तीन साल वर्ष पूर्व उसने अपनी बेटी फिरदोस का निकाह क्षेत्र के गांव अकबरपुर सुन्हेटी निवासी युवक के साथ हुआ था। उसने अपनी हैसियत से बढ़कर दहेज दिया था। शादी में दिए गए दहेज से ससुराल पक्ष के लोग संतुष्ट नहीं थे। उसकी पुत्री से अतिरिक्त दहेज में बाइक और दो लाख रुपये की नकदी की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने के चलते पिछले दिनों उसकी पुत्री की पिटाई कर ससुरालियों ने घर से निकाल दिया था। इसके बाद वह मायके में आकर रहने लगी थी। बुधवार की रात दामाद उनके यहां हलवा लेकर आया था। जिसे परिवार के सदस्यों ने खा लिया। आरोप है कि हलवा खाने के बाद परिवार के लोग नशे में हो गए। इसके बाद आरोपी ने उसकी बेटी और पत्नी पर धारदार हथियारों, सरियों तथा लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया। शोर सुनकर पड़ोस के लोगों ने मौके पर पहुंचकर उनकी जान बचाई। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। यहां से चिकित्सकों ने उनकी हालत चिंताजनक बताते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। उधर, पुलिस ने तहरीर लेकर मामले में अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।