शामली। नगर के गोशाला रोड पर सांप्रदायिक तनाव की घटना के बाद पुलिस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के 16 नामजद तथा 40 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई है, जबकि नौ लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।
शनिवार की देर रात बकरीद के बाद गोशाला रोड पर दो पक्षों में मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद मौके पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इस दौरान मौके फायरिंग भी हुई थी। देर रात पुलिस के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया था। देर रात ही पुलिस ने इस मामले में नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। रविवार की सुबह कोतवाली शामली में तैनात एसएसआई सत्यपाल सिंह की ओर से सुशील कुमार, पप्पी, सन्नी, सुहेल, शादाब, दीन मोहम्मद, इस्लाम, नईम, बिजेंद्र, वानो उर्फ अरशद, जसवीर, सुंदर, अमरपाल, रोहित, श्यामा, सुनील तथा 40 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इस दौरान पुलिस ने सुशील कुमार, पप्पी, सन्नी, सुहेल, शादाब, दीन मोहम्मद, इस्लाम, नईम, बिजेंद्र को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया है। एसएसआई सत्यपाल सिंह ने बताया कि झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम के ऊपर आरोपियों ने फायरिंग करते हुए जानलेवा हमला किया, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इस मामले में अन्य आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
संगीन धाराओं में दर्ज की गई रिपोर्ट
पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला करना धारा-307, हथियारों से लैस होकर समूह में बलवा करना धारा-147,148,149 तथा लोकसेवक पर हमला करना धारा-332 में रिपोर्ट दर्ज की गई है।