अवैध रेत खनन की सूचना पर एसडीएम का छापा
झिंझाना। क्षेत्र के गांव युसूफपुर चौतरा में अवैध रेत खनन की सूचना पर एसडीएम और तहसीलदार कैराना ने पुलिस बल के साथ छापा मारकर मौके से आधा दर्जन डंपर, पांच ट्रैक्टर, एक जेसीबी को कब्जे में ले लिया। एक युवक को मौके से हिरासत में लिया है। एसडीएम कैराना ने इस मामले की रिपोर्ट डीएम को भेज दी है।
मंगलवार को झिंझाना के गांव युसूफपुर चौतरा में अवैध रेत खनन करने की सूचना मिलने पर एसडीएम कैराना अमितपाल शर्मा और तहसीलदार रनबीर सिंह ने छापा मारकर मौके से पांच ट्रैक्टर ट्राली, छह डंपर, एक जेसीबी को कब्जे में लेकर सीज करते हुए पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया। एसडीएम ने बताया की अवैध खनन की सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की गई है। पट्टा धारकों को फावड़े से खनन करने की अनुमति थी। मौके पर जेसीबी पकड़ी गई है और एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। पूरे मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जा चुकी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ओपी चौधरी का कहना है कि अभी तक मुकदमा दर्ज करने संबंधी आदेश नहीं मिले है। अधिकारियों के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।