झिंझाना (शामली)। गांव मंसूरा में राशन डीलर के मकान में अचानक आग लग गई। इससे मकान में रखा फर्नीचर और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया, जबकि वहां खड़ी दो मोटर साइकिलें भी जल गई। राशन डीलर ने अज्ञात युवकों पर आग लगाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
घटना शनिवार की रात करीब तीन बजे की है। गांव मंसूरा का राशन डीलर कामिल अपने बच्चो के साथ घर के दूसरे हिस्से में सो रहा था। अचानक बराबर के कमरे से आग की लपटें उठने और धुआं होने पर परिवार की नींद खुल गई। इसके बाद परिवार के लोगों ने शोर मचाया, तो मौके पर ग्रामीण एकत्र हो गए। करीब दो घंटे की मशक्कत करके ग्रामीणों ने आग बुझा दी। कामिल ने बताया कि आग लगने के कारण मकान में खड़ी दो बाइक जल गई, जबकि पशु आहार, फर्नीचर आदि सामान जलकर नष्ट हो गया। अग्निकांड में करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ। पीड़ित कामिल ने थाना झिंझाना में तहरीर देकर बताया कि अज्ञात युवकों ने उसके मकान में आग लगाई है। थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि तहरीर के आधार पर घटना की जांच कराई जा रही है।