धोखाधड़ी से कोर्ट मैरिज की कोशिश करने के मामले में आरोपी व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी व्यक्ति चार बच्चों का पिता है, जिसने खुद को अविवाहित दर्शाते हुए दो बच्चों की मां से कोर्ट मैरिज के लिए एसडीएम कैराना की कोर्ट में आवेदन किया था।
कैराना क्षेत्र के गांव तीतरवाड़ा निवासी यूनुस शादीशुदा है। तीन माह पूर्व उसने खुद को और गांव की महिला बुशरा को अविवाहित दर्शाते हुए कोर्ट मैरिज के लिए कैराना एसडीएम कोर्ट में आवेदन किया था। इसी बीच बुशरा के पति अकरम ने एसडीएम कोर्ट में हाजिर होकर बताया था कि बुशरा उसकी पत्नी है तथा दो बच्चों की मां है। अकरम ने निकाहनामा के साथ ही राशन कार्ड और पहचान पत्र भी दिखाए थे। तथ्यों को छिपाकर धोखाधड़ी से कोर्ट मैरिज करने की कोशिश के आरोप में 15 दिन पूर्व ही एसडीएम कैराना ने आरोपी यूनुस, बुशरा और गवाह सरवेज व मोहब्बत अली निवासी तीतरवाडा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि मामले में मुुख्य आरोपी यूनुस को शनिवार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है।
कच्ची शराब सहित दबोचा आरोपी
शामली। थाना गढ़ीपुख्ता पुलिस ने शुक्रवार रात ग्राम धनैना के पास से ओमपाल पुत्र किशन निवासी ग्राम धनैना को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 15 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। शनिवार को पुलिस ने आरोपी ओमपाल को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया।