क्लीनिक में युवती का कराया जा रहा था गर्भपात
कैराना(शामली)। कैराना में गोशाला रोड पर क्लीनिक पर युवती का गर्भपात कराया जा रहा था। सटीक सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारा, तो आरोपी झोलाछाप डॉक्टर मौके से फरार हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने क्लीनिक को सील कर दिया। इस मामले की जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के एसीएमओ डॉक्टर सुशील कुमार ने पुलिस बल के साथ कैराना में गऊशाला के पास स्थित एक क्लीनिक पर छापा मारा। टीम के आने की भनक लगते ही झोलाछाप डॉक्टर मौके से फरार हो गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम को अविवाहित युवती मिली, जबकि भ्रूण भी बराबर की मेज पर रखा मिला। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवती की मां के बयान दर्ज किए। दुकान के भीतर से दवाईयां तथा अन्य सामान भी मिला है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। पता चला कि क्लीनिक अभी एक माह पूर्व ही शुरू हुआ था, लेकिन किसी को यह नहीं पता था कि यहां पर यह काम होता था। एसीएमओ डॉक्टर सुशील कुमार ने कहा कि क्लीनिक को सील कर दिया गया है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। क्लीनिक से मिली दवाईयों के संबंध में ड्रग इंस्पेक्टर को सूचना दी गई है, वह भी अपने हिसाब से जांच कर कार्रवाई कराएंगे।
फेरी वाले के प्रेम प्रसंग में फंस गई थी युवती
स्वास्थ्य विभाग को युवती की मां ने बताया कि फेरी लगाने वाला युवक उनके गांव में कपड़ा बेचने आता था। इसी दौरान युवती को उसने अपने प्रेम जाल में फंसाकर उससे अनैतिक संबंध बना लिए। छह माह होने के बाद जब युवती को परेशानी हुई, तो गर्भवती होने का पता चला। इसके बाद वह कैराना में उक्त क्लीनिक पर गर्भपात कराने आई थी।