बैंक शाखा में काउंटर से 10 हजार रुपये लेकर भागा युवक
अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। पंजाब नेशनल बैंक की कैराना शाखा से रुपये निकालने पहुंची महिला को जैसे ही कैशियर ने 10 हजार रुपये दिए, तो काउंटर से रुपये उठाकर युवक भाग निकला। महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बैंक शाखा से निकलकर आरोपी फरार हो गया। शाखा में सीसीटीवी में आरोपी का चेहरा कैद हो गया।
मंगलवार दोपहर 12 बजे क्षेत्र के गांव झाड़खेड़ी निवासी कविता शामली रोड पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में अपने खाते से रुपये निकालने के लिए गई थी। वह कैराना के बालिका आवासीय विद्यालय में रसोई माता हैं। जब कैशियर ने 10 हजार रुपये कविता को देने के लिए काउंटर पर बाहर की तरफ रखे, तभी वहां खड़ा युवक रुपये उठाकर भाग गया। महिला ने शोर मचाया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लग सका। घटना से बैंक शाखा में अफरातफरी मच गई तथा सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी में आरोपी का चेहरा कैद हो गया है। अब बैंक प्रबंधन फुटेज के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रहा है। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी शोकेंद्र पाल का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। उधर, पीएनबी शाखा प्रबंधक हेमंत कुमार ने बताया कि महिला को रुपये देकर घर भेज दिया गया है।