कांधला/चौसाना (शामली)। राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ अंबेहटा गांव की ग्राम समाज की भूमि को कब्जा मुक्त कराया है। इस दौरान टीम का गांव के कुछ लोगों ने विरोध किया। पुलिस ने विरोध करने वाले वालों को हल्का बल प्रयोग करके भगा दिया।
कुछ दिन पूर्व तहसील दिवस में अंबेहटा गांव के ग्रामीणों ने ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत की थी। शुक्रवार को राजस्व विभाग की टीम में शामिल नायब तहसीलदार कामेंद्र गु्प्ता, कानूनगो सोहन पाल, लेखपाल रोहित, ब्रजपाल, विजय, श्यामलाल पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और पैमाइश के बाद ग्राम सभा की भूमि को कब्जा मुक्त कराने का काम शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने विरोध करने वाले ग्रामीणों पर हल्का बल प्रयोग करके मौके से भगा दिया। नायब तहसीलदार कामेंद्र गुप्ता ने बताया कि टीम ने दो बीघा खाद के गड्ढे, पांच बीघा खेल का मैदान, कब्रिस्तान की तीन बीघा भूमि को कब्जा मुक्त कराया है।
उधर, चौसाना क्षेत्र के श्यामली-श्यामला गांव में तहसीलदार यदुवंश के नेतृत्व में राजस्व टीम ने जेसीबी चलाकर तालाब, खलियान और रास्ते की जमीन को कब्जा मुक्त कराया। राजस्व टीम के मुताबिक खसरा नंबर 744 खलियान के लिए आरक्षित था। उस पर गांव के ही हरि सिंह से कब्जा मुक्त कराया गया। खसरा संख्या 185 के तालाब को वेदप्रकाश और सत्यवीर से मुक्त कराया। खसरा संख्या 152 खाद के गड्ढों पर धीर सिंह और श्रवण से मुक्त कराया। खसरा 63 व 1033 पर आरक्षित भूमि को मुक्त कराया। प्रशासन की कार्रवाई से हड़कंप की स्थिति बनी रही।