क्षेत्र के एक गांव में महिला ने ससुर पर मारपीट करने और दो देवरों पर दुराचार के प्रयास का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
महिला ने बताया कि उसकी देवरानी का सावन मास का सिंधारा आया था। इसे देखने के लिए वह देवरानी के यहां गई थी। जहां पर उसकी दो देवरानियों और सास के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। महिला ने बीच-बचाव कराना चाहा तो आरोपी सास-ससुर और देवरों ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी। शिक्षक होने के कारण महिला ने पारिवारिक मामला मानते हुए मामले को बिना किसी कार्रवाई के शांत कर दिया। आरोप है कि सोमवार शाम आरोपी देवरों मनोज, कुलदीप उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने उसे पीटा और उसके कपड़े फाड़ दिए, दुराचार का प्रयास किया। शोरशराबा सुनकर ग्रामीणों के आने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। उधर, कार्यवाहक थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी मनोज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।