घर से कार और नकदी चोरी
शामली। उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन के शाखा मंत्री अजीत सिंह रेलवे कॉलोनी में रहते हैं। मंगलवार रात उन्होंने अपनी होंडा कार (बीआरवी) बालमुकुंद के क्वार्टर के बाहर खड़ी कर रखी थी। देर रात चोरों ने उनके दरवाजे की जाली काटने के बाद अंदर खूंटी पर लटकी शर्ट की जेब से कार की चाबी, 3500 रुपये और ट्रेन का यात्री पास चोरी कर लिया। इसके बाद कार भी चोरी कर ली गई। बुधवार सुबह अजीत सिंह जागे, तो चोरी का पता चला। इसके बाद उन्होंने आदर्श मंडी थाने पहुंचकर घटना के संबंध में तहरीर दी।
फरार प्रेमी युगल रेलवे स्टेशन से बरामद
शामली। शहर के नोकुआं रोड निवासी सरफराज का मोहल्ला हरेंद्रनगर निवासी एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। गत आठ जुलाई को प्रेमी युगल घर से फरार हो गया। प्रेमिका के पिता ने सरफराज, उसके भाई मेहराज व पिता अजहर के खिलाफ बहला फुसलाकर अपहरण करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस तभी से प्रेमी युगल को तलाश करने में लगी थी। उधर, बुधवार को पुलिस ने प्रेमी युगल को रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया। आरोपी सरफराज को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी युवक को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
छात्रों के दो गुटों में चाकू चले
शामली। दयानंदनगर व गांव हसनपुर के छात्र किसान इंटर कॉलेज में पढ़ते हैं, जिनके बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा था। बुधवार को हसनपुर का छात्र अंकित जब बुढ़ाना रोड से गुजर रहा था तो दयानंदनगर निवासी छात्रों ने उस पर हमला बोल दिया, जिसमें वह घायल हो गया। सरेराह चाकूबाजी की घटना से अफरातफरी मच गई। घायल छात्र का निजी चिकित्सालय में उपचार कराया गया, जिसके बाद उसे हालत ठीक होने पर घर भेज दिया। सूचना मिलने पर डॉयल 100 पुलिस मौके पर पहुंची, मगर तब तक झगड़ा करने वाले छात्र फरार हो चुके थे।
युवती का बहला फुसलाकर अपहरण
शामली। नगर के मोहल्ला पंसारियान निवासी युवक नगरीय विकास अभिकरण में कर्मचारी है। वह तीन दिन पूर्व मोहल्ला रामसागर निवासी युवती से बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया। युवती के भाई ने बुधवार को आरोपी कर्मचारी सोनू के खिलाफ शामली कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।