डीजे बजाने के विवाद में बारातियों पर हमला
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बलवा में आई बारात में जबरन डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में गांव के तीन लोगों ने बारातियों से मारपीट कर उन पर हमला कर दिया, जिसमें दूल्हे के भाई समेत दो लोग घायल हो गए। आरोप है कि तमंचे से फायरिंग की गई, जिसमें बाराती बाल-बाल बच गए। दूल्हे के पिता की तरफ से दो नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
जिला मुजफ्फरनगर के थाना भौराकलां क्षेत्र के गांव हड़ौली माजरा निवासी चंदकीराम ने शहर कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि शुक्रवार को उनके पुत्र अंकित कुमार की बारात शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बलवा में आई थी। बारात में डीजे बज रहा था। शाम को करीब साढ़े पांच बजे उनके दूसरे बेटे सोनू ने डीजे बंद कराने को कहा। आरोप है कि गांव के जाबिर, कुनाल और एक अज्ञात हाथ में तमंचे लेकर आए और जबरदस्ती डीजे बजवाने लगे। उन्हें मना करने पर तीनों आरोपियों ने उनके पुत्र सोनू और सुधीर कुमार आदि से मारपीट करनी शुरू कर दी और जान से मारने की नीयत पर उन पर गोली चलाई, जिसमें दोनों बाल-बाल बच गए। आरोपियों ने तमंचे के बटों और धारदार हथियारों से हमला कर सोनू और सुधीर को घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पीके सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जाबिर, कुनाल और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।