पुलिस के हत्थे चढ़ा हत्यारोपी
गढ़ीपुख्ता। क्षेत्र के गांव मालेंडी में छह माह पहले युवक की हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि इस मामले में मृतक की पत्नी अभी फरार है।
गढीपुख्ता थानाध्यक्ष कपिल गौतम ने बताया कि एक जून की रात को धर्मवीर की हत्या की गई थी। जांच में पता चला कि इस मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पंखे से लटका दिया गया था। चौकीदार की सूचना पर उस समय पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया था। बाद में मृतक के पिता ब्रहमसिंह की तरफ से कोर्ट के आदेश पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच में पता चला कि मृतक की पत्नी का गांव के प्रदीप से मेलजोल था। इसी के चलते धर्मवीर की हत्या करने का मामला सामने आया था। थानाध्यक्ष ने बताया कि सोमवार को इस हत्याकांड में फरार चल रहे प्रदीप को मालैंडी बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि आरोपी महिला की तलाश की जा रही है।