शामली। देशी शराब की दुकान की दीवार तोड़कर नकदी और 19 पेटी शराब चोरी कर ली गई। कोतवाली शामली क्षेत्र के मोहल्ला नया बाजार निवासी सुखचैन वालिया की गांव सिंभालका में देशी शराब की दुकान है। शनिवार रात सेल्समैन राजेश वालिया दुकान बंद करके चला गया था। रविवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचा, तो चोरी का पता चला। चोरों ने दुकान की दीवार में सेंध लगाकर दो हजार रुपये नकदी और 19 पेटी शराब चोरी कर ली। इसके बाद सेल्समैन राजेश ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का निरीक्षण किया और चोरों को तलाशना शुरू कर दिया है।
सपा कार्यालय पर लगा फ्लैक्स फाड़ा
शामली। समाजवादी पार्टी के जिला सचिव सचिन राणा ने आदर्श मंडी थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शरारती तत्वों ने मुजफ्फरनगर मार्ग स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर लगे फ्लेक्स फाड़ दिए हैं। पूर्व में भी कई बार फ्लेक्स फाड़े जा चुके हैं। उन्होंने मामले में जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।