गोकशी के आरोपियों को गिरफ्तार करो
कांधला। गोकशी के विरोध में हिंदू संगठन के लोगों व भाजपाइयों ने कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
शनिवार शाम घसौली रोड स्थित एक स्थान पर कुछ लोगों द्वारा गोकशी किए जाने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर गोवंश को मृत अवस्था में बरामद कर लिया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए। गोकशी की सूचना के बाद हिंदू संगठन के लोग भी मौके पर पहुंच गए तथा मामले में कार्रवाई की मांग करने लगे। बाद में विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस के साथ मिलकर गोवंश को दफना दिया। मामले में देर रात पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी। उधर, रविवार को भी हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं व भाजपा कार्यकर्ताओं ने मामले में कार्रवाई की मांग की। इस दौरान नरेश सैनी, डॉक्टर सुभाष मलिक, अंकुश , सुभाष, राजकुमार सैन, राजेंद्र कुमार गुप्ता, दीपक सैनी, निक्की, सोनू, अमित कुमार, सत्यवीर वर्मा, अंकुर अग्रवाल, अरुण कुमार, राजेंद्र आचार्य आदि मौजूद रहे। उधर, एसओ ओपी चौधरी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।