कैराना। सपा विधायक के ड्राइवर के साथ चार युवकों ने मारपीट कर रुपये और बाइक छीन ली। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर दो नामजद सहित चार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला आलदरम्यान निवासी शमीम सपा विधायक चौधरी नाहिद हसन की गाड़ी पर चालक है। मंगलवार दोपहर वह बुलेट में पेट्रोल डलवाने यमुना पुल पर जा रहा था। जैसे ही वह बाईपास रोड पर खुरगान चौराहे से आगे पहुंचा तो चार नकाबपोश हथियार बंद बदमाशों ने तमंचों के बल पर बाइक रुकवा ली। बदमाशों ने उसकी जेब से 1230 रुपये और बाइक छीन ली। छीना झपटी के दौरान दो बदमाशों के नकाब खुल गए तथा उसने दोनों को पहचान लिया। बाद में बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए बाइक, नकदी लूट कर फरार हो गये। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि शमीम ने बाइक खरीदी थी। मामला बाइक के उधार के पैसों के लेनदेन का है।