कैराना। गांव बुच्चाखेड़ी में गेट लगाने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया, इसमें दोनों पक्षों के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के विरुद्ध क्रॉस रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शुक्रवार देर शाम क्षेत्र के गांव बुच्चाखेड़ी निवासी रामकुमार और प्रवीण कुमार पक्ष के बीच गेट लगाने को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए, जिनमें जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। संघर्ष की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थिति पर काबू पाया। पुलिस ने एक पक्ष के घायल रामकुमार व उसका साला चांदवीर निवासी ग्राम अलीनगर थाना झिंझाना तथा दूसरे पक्ष के सगे भाई प्रवीण और श्याम सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने चारों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
उधर, पुलिस ने रामकुमार की पत्नी बबली देवी की ओर से हरपाल, श्याम सिंह, श्यामा, प्रवीण निवासीगण ग्राम बुच्चाखेड़ी तथा दूसरे पक्ष के प्रवीण ने रामकुमार, शिव कुमार, अंकित निवासीगण बुच्चाखेड़ी, चंद्रवीर निवासी अलीनगर झिंझाना के विरुद्ध अभियोग दर्ज कराया है। पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज करते हुए मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।