दुष्कर्म पीड़िता बिटिया की हालत गंभीर
थानाभवन (शामली)। पिता पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली लड़की की गंभीर हालत को देखते हुए मुजफ्फरनगर से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल लड़की हालत काफी नाजुक बनी हुई है। वहीं, दूसरी तरफ महिला समाख्या अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने लड़की के पिता के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सोमवार को महिला समाख्या की टीम क्षेत्र के एक गांव की करीब 15 साल की लड़की को लेकर कस्बे के सामुदायिक चिकित्सालय पहुंची। समाख्या अधिकारी रेखा वर्मा ने बताया था कि उक्त लड़की यौन उत्पीड़न की शिकार है। लड़की का आरोप है कि उसका पिता ही उसके साथ दुष्कर्म करता है। लड़की के छोटे भाइयों के बयान से भी यह बात साबित हुई है। इस दौरान लड़की की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस की निगरानी में लड़की को मुजफ्फरनगर के लिए रेफर कर दिया गया था। जबकि, वहां भी हालत में सुधार न होने पर लड़की को हायर सेंटर भेज दिया है। थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि मामले में महिला समाख्या अधिकारी रेखा वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया कि अभी प्राथमिक सूचना के आधार पर ही दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि मेडिकल की रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म की पुष्टि होगी। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कर्मी के अनुसार डॉक्टर बता रहे हैं कि लड़की के पेट में गंभीर चोट है। फिलहाल लड़की बोलने में भी असमर्थ है। डॉक्टर लड़की के उपचार में जुटे हैं। लड़की की हालत में सुधार होने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
संदीप बालियान थानाध्यक्ष थानाभवन