शामली। झिंझाना थानाक्षेत्र के गांव खेड़ी खुशनाम निवासी महिला ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह अपने पति के साथ ससुराल वालों से अलग रहती है। आरोप है कि उसका ससुर अपने दो बेटों के साथ मिलकर उसे घर से निकालने के लिए मारपीट करते है। बृहस्पतिवार तीनों पिता-पुत्रों ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया। इस मामले की शिकायत थाना झिंझाना पर की गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़िता ने अपनी और अपने पति की जान को खतरा बताते हुए एसपी से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
ट्यूबवेल से केबिल चोरी
शामली। बाबरी निवासी बाल किशन ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 18 मई को वह लाइनमैन को लेकर ट्यूबवेल ठीक कराने ले गया था। पता चला कि ट्यूबवेल का बिजली का केबिल चोरी हो गया। पूछताछ करने पर पता चला कि 16 मई की रात को तीन चार लोगों ने केबिल चोरी कर लिया। केबिल चोरी करते समय एक आरोपी नीचे गिर गया था, जिससे उसे गंभीर चोट लगी थी। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी पक्ष उसे शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे है। पीड़ित ने एसपी से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विवाहिता से मारपीट का आरोप
शामली। गांव कैल शिकारपुर निवासी महिला ने महिला सेल में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी करीब चार साल पहले हुई थी। ससुराल वाले दहेज में एक रुपये मायके से लाने को कहा। उसने रुपये लाने में असमर्थता जताई तो शादी के 20 दिन बाद ही उसे घर से निकाल दिया। बाद में मोअज्जिज लोगों के कहने पर वह ससुराल पहुंची। इसके बाद भी ससुराल वाले उसके साथ मारपीट करते रहे। करीब सात माह पहले उसने बेटी को जन्म दिया। उसे बेटा पैदा न करने पर मारपीट की। तब से वह मायके थानाभवन में रह रही है। पीड़िता का आरोप है कि 28 मई को ससुराल पक्ष के लोगों ने मायके में आकर उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। पीड़िता ने ससुराल वालों से जान का खतरा जताते हुए कार्रवाई की मांग की।