अमर उजाला ब्यूरो
झिंझाना। ऊन रोड स्थित सरकारी अस्पताल में तैनात फार्मासिस्ट के मकान का चोरों ने दिनदहाडे़े ताला तोड़कर आभूषण और मोबाइल चोरी कर लिए। पीड़ित फार्मेसिस्ट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना का मुआयना किया।
झिंझाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात फार्मासिस्ट देवेंद्र कुमार सोमवार को अपने आवास का ताला लगाकर सीएचसी में ड्यूटी पर चले गए। बच्चे पढ़ने के लिए स्कूल में चले गए जबकि उनकी पत्नी ऊन पीएचसी में ट्रेनिंग लेने गई हुई थी। इसी बीच चोरों ने उनके आवास पर लगे ताले को तोड़ कर अलमारी के अंदर से सोने चांदी के जेवरात के अलावा 16 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन चोरी कर लिया। चोरी होने का पता बच्चों के स्कूल से आने के बाद चला। घर के अंदर सब सामान बिखरा पड़ा था। इसकी सूचना झिंझाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। फार्मासिस्ट ने तहरीर देकर बताया की लगभग दो लाख रुपये के सोने और चांदी के आभूषण एक मोबाइल और 16 हजार रुपये नकद चोरी हुए है। थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया चोरी की तहरीर आई है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश कराई जा रही है।