युवक पर दबाव बनाने का आरोप
शामली। क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने कोतवाली में पुलिस से शिकायत कर बताया कि वह पति से अनबन के चलते अपने मायके में रह रही है। इस दौरान उसकी ससुराल के गांव के युवक का उसके घर पर आना जाना था। उसने युवक से कुछ रुपये उधार ले लिए थे। महिला का आरोप है कि युवक उस पर उधार की रकम देने की आड़ में नाजायज दबाव बनाते हुए परेशान कर रहा है। महिला ने पुलिस से कहा कि वह युवक की उधार ली रकम तीन दिन में वापस कर देगी। पीड़िता ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
तेलंगाना में पकड़े गए युवक और युवती
शामली। शामली के रहने वाले युवक और युवती को तेलंगाना में पुलिस ने पकड़ लिया है। तेलंगाना पुलिस ने शामली पुलिस से संपर्क कर उनके बारे में जानकारी मांगी है। कोतवाली प्रभारी सुभाष सिंह राठौर ने तेलंगाना से फोन पर उन्हें शामली के युवक व युवती के पकड़े जाने की बात बताई है। वहां की पुलिस ने उनके बारे में जानकारी मांगी है। कोतवाल ने बताया कि युवती का जो नाम बताया गया है, उस नाम की किसी युवती के गायब होने की उनके यहां सूचना दर्ज नहीं है।
मुखबिरी के शक में परेशान करने का आरोप
शामली। मोहल्ला रामसागर निवासी ऊषा देवी ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि मोहल्ले के कुछ लोग शराब की तस्करी का कार्य करते हैं। उनके बारे में पुलिस में कोई अन्य शिकायत करता है, लेकिन आरोपी लोग उन पर शक करते हुए परेशान करते हैं और घर की महिलाओं के साथ अभद्रता करते है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी लोग उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जबकि उनका आरोपियों से कोई वास्ता नहीं नहीं है। पीड़िता ने पुलिस से कार्रवाई कर जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई।