बकाया रकम देने से बचने के लिए रचा चोरी का नाटक
कैराना। प्लाट खरीदने पर बकाया रकम देने से बचने के लिए एक व्यक्ति ने घर में चोरी होने का नाटक रच दिया।
बुधवार सुबह आर्यपुरी देहात निवासी युवक ने कैराना कोतवाली पहुंचकर तहरीर देकर बताया कि मंगलवार शाम उसके घर के ताले तोड़कर डेढ़ लाख रुपये नकदी, तीन तोले सोने के जेवर और चांदी के जेवर चोरी कर लिए गए। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि मकान में चोरी नहीं हुई, बल्कि प्लाट खरीदने पर बकाया रकम देने से बचने के लिए युवक ने चोरी की झूठी तहरीर थाने में दे दी। पुलिस ने झूठी देने वाले युवक को हड़काया और हिदायत देकर भेज दिया।
शराब पीकर पत्नी को पीटा
कैराना। कस्बा कैराना के मोहल्ला गुलशनगर में शराब पीकर युवक ने पत्नी के साथ मारपीट कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति मुकीम को गिरफ्तार कर लिया। शांतिभंग के आरोप में चालान करके उसको मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर दिया गया।