कांधला रेलवे स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पर लावारिस बैग मिलने से खलबली मच गई। बम की सूचना पर पहुंची जीआरपी और लोकल पुलिस ने उसकी जांच की तो मामला फर्जी निकला। इस पर पुलिस ने चेन की सांस ली।
रविवार की रात कुछ लोगों ने जीआरपी और कांधला पुलिस को सूचना दी कि रेलवे ट्रैक पर एक बैग रखा हुआ है, जिसका कोई वारिस नहीं है। आशंका है कि कही इस बैग में बम न हो। सूचना पर जीआरपी और सिविल पुलिस महकमे में खलबली मच गई। थाना कांधला पुलिस और जीआरपी पुलिस रात्रि में कांधला रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई और बैग की जांच शुरू कर दी, लेकिन बैग में कुछ नहीं मिला। इस पर पुलिस ने चैन की सांस ली। इस दौरान जीआरपी एसओ आशुतोष का कहना है कि मामला संज्ञान में आया था, लेकिन बैग में कुछ नहीं मिला। ऐसा लग रहा था किसी ने तंत्रविद्या के चलते यह बैग वहां छोड़ा हो। उधर, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शामली में चौकसी बरती जा रही है। सोमवार की शाम रेलवे स्टेशन पर जीआरपी तथा आरपीएफ ने चेकिंग अभियान चलाया। इसके अलावा कोतवाली पुलिस ने नगर में कई जगह चेकिंग अभियान चलाया।