पांच दिन पूर्व झिंझाना रोड पर हादसे में घायल हुई महिला की रोहतक पीजीआई में उपचार के दौरान मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने बिना पुलिस के परिजनों को शव देने से इंकार कर दिया। इसके चलते कैराना पुलिस महिला का शव लाने के लिए रोहतक रवाना हो गई।
सात जुलाई की शाम रामडृा निवासी जयभगवान की पत्नी करतारी (50) अपने परिजन के साथ बाइक द्वारा झिंझाना से कैराना की और आ रही थी। गांव पावटी कला के पास ब्रेकर पर बाइक के उछलने से करतारी बाइक से नीचे सड़क पर गिरकर घायल हो गई थी। परिजन उसका उपचार रोहतक के पीआईजी अस्पताल में करा रहे थे। वही बुधवार सुबह उपचार के दौरान करतारी की मौत हो गई। जब परिजनो ने मृतका के शव की मांग की तो अस्पताल प्रशासन ने बिना पुलिस के शव को देने से इंकार कर लिया। जिसके बाद मृतका का भतीजा राजेंद्र निवासी रामड़ा कोतवाली पहुंचा तथा कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह को मामले से अवगत कराया। कोतवाली प्रभारी के निर्देश पर एसआई हरिओम त्यागी रोहतक पीजीआई अस्पताल से मृतका का शव लाने के लिए रवाना हो गए। उधर, शामली के मोहल्ला रेलपार गली नंबर पांच निवासी अनिल कुमार बुधवार रात बाइक से बुढाना रोड की तरफ से शामली आ रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह घायल हो गया। राहगीरों ने इसकी सूचना डायल 100 पुलिस को दी, जिसके बाद घायल युवक को शामली अस्पताल लाकर उपचार कराया गया।
होमगार्ड से मारपीट
शामली। सीओ सिटी आवास पर तैनात होमगार्ड के साथ दो युवकों ने शराब के नशे में मारपीट कर दी। सूचना पर पुलिस ने दोनों युवक को गिरफ्तार कर लिया।
घटना बुधवार रात करीब सात बजे की है। ओमबीर सीओ सिटी आवास के पास बैंक के सामने टहल रहा था। इसी दौरान वहां खड़े दो युवकों ने ओमबीर के साथ गाली गलौज की। ओमबीर ने विरोध किया, तो उसके साथ मारपीट कर दी। शोरशराबा होने पर भीड़ इकट्ठा हो गई, जिसके बाद शामली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को पकड़कर थाने ले गई। पकड़ा गया एक युवक खुद को सीआईएसएफ का जवान बता रहा था, जबकि उसका साथी गांव कुड़ाना का रहने वाला है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। वहीं, कोतवाली शामली क्षेत्र के गांव खेड़ीकरमू निवासी अनुज कुमार पुत्र रवि कुमार के साथ बुधवार रात गांव लिलौन निवासी युवक ने गाली गलौज के बाद मारपीट कर दी। मारपीट में अनुज घायल हो गया, जिसके बाद सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को पकड़कर थाने ले आई।