छह साल से चल रहा प्रेम-प्रसंग प्रेमी की बेवफाई से खटास में पड़ गया। इस पर युवती कोतवाली में पहुंच गई। आरोपी के खिलाफ शिकायत कर दी। बाद में दोनों पक्षों के बीच फैसला हो गया।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी लड़का और लड़की के बीच पिछले छह सालों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बाद में युवक की सरकारी नौकरी लग गई और वह बाहर रहने लगा, लेकिन जब वह छुट्टी पर आता तो दोनों फिर मिलते थे। इस दौरान लड़के के परिजनों को इस बात का पता चल गया। परिजन उक्त युवती से शादी करने पर राजी नहीं हुए। इस पर प्रेमी युवक भी नजरअंदाज करने लगा। लड़की को इस बारे में पता चला, तो उसने इसका विरोध किया। बताया जाता है कि शनिवार की शाम युवक-युवती दोनों नहर के पास पहुंच गए और वहां आरोपी युवक युवती को छोड़कर फरार हो गया। इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को लगी तो पुलिस युवती को कोतवाली ले आई। पुलिस को उसने सारी बात बता दी और आरोपी के खिलाफ तहरीर दे दी। बाद में गांव के जिम्मेदार लोग थाने में पहुंची और युवती को मनाने की कोशिश की, लेकिन युवती नहीं मानी और उसके साथ शादी करने की जिद पर अड़ गई। पूरे दिन युवती को मनाने की कोशिश चलती रही, लेकिन लड़की नहीं मानी। बताया जाता है कि बाद में दोनों पक्षों में किसी बात पर समझौता हो गया और सभी अपने गांव लौट गये।
मामला संज्ञान में आया है, हालांकि देर शाम दोनों पक्षों में फैसला हो गया है, जिसके बाद सभी लोग अपने घर चले गए।
-अवनीश कुमार गौतम
कोतवाली प्रभारी
-