कड़ी सुरक्षा के बीच कुख्यात हैदर की कोर्ट में पेशी
कैराना। पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कुख्यात हैदर को कैराना कोर्ट में पेश किया। पेशी के बाद उसे वापस जेल भेज दिया गया। बृहस्पतिवार को हरियाणा की अंबाला जेल में बंद चल रहे कुख्यात हैदर, निवासी ग्राम तीतरो जिला सहारनपुर को हरियाणा पुलिस द्वारा कैराना स्थित कोर्ट में विचाराधीन आपराधिक मामले में पेशी पर लाया गया। कुख्यात के पेशी पर लाए जाने की सूचना पर कैराना पुलिस अलर्ट हो गई तथा कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले लोगों को बंदी गाड़ी के पास में खड़ा तक नहीं होने दिया गया। दो दिन पूर्व भी हैदर को कोर्ट में पेशी पर लाया गया।
कार की साइड लगने से वृद्धा घायल
कैराना। मोहल्ला इब्राहिमपुरा निवासी रईसा (60) बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे अपने घर से पैदल बाजार की ओर जा रही थी। इसी दौरान उसे कार ने साइड मार दी, जिसमें वह घायल हो गई। कार चालक ने घायल महिला को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया, जहां पर उसका इलाज किया गया।
तस्कर की तलाश में सीआईए की दबिश
कैराना। बृहस्पतिवार को पानीपत की सीआईए प्रथम के एसआई राजपाल सिंह ने अपनी टीम के साथ कोतवाली कैराना पर आमद दर्ज कराई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से खादर के गांव मंडावर दबिश दी। बताया गया है कि मंडावर निवासी डोडा पोस्त की तस्करी में फरार चल रहा है, जिसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए सीआईए प्रयास कर रही है। दबिश के दौरान सफलता नहीं मिलने के चलते सीआईए को बैरंग लौटना पड़ा।
पड़ोसियों ने महिला को घर में घुसकर पीटा
कैराना। आर्यपुरी देहात बस्ती निवासी शबाना ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका पति नसीम शामली में चिनाई का काम करने गया हुआ था। बच्चों के विवाद में पड़ोस की महिला और उसका पति घर में घुस आए तथा गालीगलौज करने लगे। उसके द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की तथा ईंट मार कर घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित महिला का मेडिकल कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।