अमर उजाला ब्यूरो
कैराना (शामली)। आबकारी विभाग और पुलिस द्वारा चलाए जा रहे संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान यमुनाब्रिज पर गाड़ी में छिपाकर लाई जा रही अरुणाचल प्रदेश मार्का की 45 पेटी अंग्रेजी शराब पकड़ ली गई। मौके से एक आरोपी को भी गिरफ्तार कर किया गया है। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया।
शनिवार सुबह सवा तीन बजे आबकारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार की अगुवाई में आबकारी और पुलिस टीम ने यमुनाब्रिज पर चेकिंग अभियान चलाया। विभाग को सूचना मिली थी कि हरियाणा की ओर से गाड़ी में बड़ी मात्रा में अवैध शराब लाई जा रही है। जैसे ही गाड़ी ब्रिज पर पहुंची, तो आबकारी ने उसे रुकवाने की कोशिश की। चालक ने गाड़ी की गति और बढ़ा दी, जिसके बाद टीम ने पीछा कर गाड़ी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर गाड़ी के अंदर से छिपाकर लाई जा रही 45 पेटी अंग्रेजी शराब अरुणाचल मार्का बरामद हुई। मौके से एक आरोपी को दबोच लिया। आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम अमित निवासी सहारनपुर बताया। इसके बाद आरोपी को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करते हुए आरोपी का चालान कर कोर्ट में पेश कर दिया। पकड़ी गई शराब की कीमत लाखों में बताई जा रही है।