चौसाना (शामली)।
गांव चौसाना में विवाहिता की हत्या के मामले को लेकर चली आ रही रंजिश में दूसरे पक्ष के लोगों ने पीड़ित परिवार के मकान में घुसकर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। हमले में बेटी की मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर घायल हो गई। घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया।
चौसाना गांव निवासी अमीर बानो ने चौसाना के ही फैजान से कोर्ट मैरिज की थी। तीन महीना पूर्व फैजान अमीर बानो और परिवार के अन्य सदस्यों को लेकर करनाल से खरीदारी कराने गया था। इसी दौरान कार को नहर में डाल दिया था, जिसमें अमीर बानो की मौत हो गई थी। उस मामले में फैजान, उसके भाई मुस्तफा और शमीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। फैजान तब से करनाल जेल में बंद है। बुधवार शाम करीब पांच बजे हरियाणा पुलिस ने आरोपी मुस्तफा और शमीम को गिरफ्तार करने के लिए चौसाना में दबिश दी। आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगे, जिसके बाद पुलिस हरियाणा लौट गई। उधर, फैजान पक्ष के लोगों ने उसी मुकदमे की रंजिश के चलते बुधवार रात करीब आठ बजे अमीर बानो परिजनों के मकान पर पहुंचकर हमला बोल दिया। हमले में अमीर बानो की मां शमशी और बहन फातिमा को घायल कर दिया गया, जबकि छोटी बहन अमीर अफसरा ने मकान से भागकर अपनी जान बचाई। आरोप है कि घर में रखा सामान भी हमलावर लूटकर ले गए। छोटी बहन अमीर अफसरा ने चौसाना चौकी पहुंचकर घटना की सूचना पुलिस को दी। इससे पहले करनाल अस्पताल में उपचार के दौरान फातिमा की मौत हो गई, जबकि उसकी मां की हालत गंभीर है। सूचना मिलने पर झिंझाना थानाध्यक्ष भगवत सिंह और चौसाना चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अफसरों से मामले में नफीस, सादाब, मुर्तजा, अहसान, रहीस, शमीम, नवाब, दानिश, फैसल, शाहरुख, अफरोज, अखलिशा, अमरीशा, आशू और तरन्नुम के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। अमीर अफसरा ने बताया कि उसकी बहन अमीर बानो की मौत के मामले में समझौते के लिए आरोपी पक्ष दबाव बना रहा है तथा धमकी दी जा रही हैं। पुलिस मामले की जांच करने में लगी हुई है। चौकी इंचार्ज का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।