गली की तरफ लिंटर निकालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। गांव भैंसानी इस्लामपुर निवासी जाजुल पुत्र हमीद सोमवार दोपहर अपने घर का लिंटर गली की ओर निकाल रहा था, जबकि पड़ोसी काला पुत्र सईद ने उसका विरोध किया। इसी बात पर दोनों पक्षों में गाली गलौज के बाद मारपीट हो गई। काला ने बताया कि मारपीट के बीच किसी ने गोली चला दी जो काला के कान को छूते हुए निकल गई। घायल काला को परिजनों ने थानाभवन सीएचसी पहुंचाया। उधर, चिकित्सकों का कहना था कि कान पर चोट लगी है, गोली लगने की पुष्टि नहीं की जा सकती है। सोमवार शाम तक भी इस मामले में पुलिस को तहरीर नहीं दी गई।
बाइक की टक्कर से बालक घायल
थानाभवन। गांव भैंसानी इस्लामपुर निवासी साजिद का बेटा दानिश (4) सोमवार दोपहर घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान बाइक सवार ने उसको टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गया। साजिद ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
घर पर मिला जिला बदर सलमान गिरफ्तार
थानाभवन। कस्बा थानाभवन के मोहल्ला खैल निवासी सलमान पुत्र रहीसू को डीएम ने जिला बदर घोषित किया हुआ है। इसके बावजूद वह काफी दिन से अपने घर पर रह रहा था। सूचना मिलने पर सोमवार को थानाभवन थाना पुलिस ने दबिश दी और आरोपी सलमान को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।