ऊन चौकी क्षेत्र के गांव हसनपुर में ग्राम प्रधान की शिकायत करना एक परिवार को महंगा पड़ गया। आरोप है कि प्रधान ने घर में घुसकर पीड़ित व्यक्ति पर पिस्टल तान दी तथा शिकायत वापस लेने की धमकी दे डाली।
गांव हसनपुर निवासी रमेश पुत्र रगबीर अन्य ग्रामीणों के साथ शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर पहुंचा। रमेश ने बताया कि कुछ दिन पूर्व उसने तहसील दिवस में शिकायत कर गांव में विकास के नाम पर गड़बड़ी का आरोप लगाया था। आरोप है कि इसी बात से नाराज ग्राम प्रधान ने अपने साथियों के साथ घर में घुसकर गाली गलौज की और पिस्टल तानकर गोली मारने की धमकी दी। इस संबंध में ऊन चौकी पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधीक्षक ने मामले में जांच के बाद कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।