किसान दंपति पर हमला
थानाभवन। खेत पर काम कर रहे किसान दंपति को गांव के कुछ लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। घायलों ने अपना मेडिकल कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
थानाभवन के गांव मंटीहसनपुर निवासी विक्रम पुत्र जयपाल सिंह ने थाने में दी तहरीर में बताया कि शनिवार की सुबह विक्रम अपनी पत्नी गीता के साथ खेत पर काम कर रहा था। इसी बीच जमीन अपनी बताते हुए गांव के ही दो युवकों ने दंपति पर हमला कर दिया। इसके चलते दंपति घायल हो गए। घायलों का चिकित्सक के यहां उपचार कराया गया। विक्रम ने बताया कि यह जमीन उसने गांव के ही अरविंद से खरीदी थी। कुछ माह बात से ही आरोपी इस जमीन को अपनी बताने लगे थे, जिसके चलते पीड़ित ने उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर जांच कराने की मांग की थी। 22 जून को हल्का लेखपाल ने उक्त भूमि की माप कराकर विक्रम की जमीन को उसे सौंप दिया था, जिसके बाद खेत में काम करने पहुंचे। पीड़ित दंपति पर आरोपियों ने हमला कर दिया।