कैराना (शामली)। कस्टडी से फरार हुए कुख्यात साबिर जंधेड़ी की तलाश में पुलिस ने यमुना खादर क्षेत्र में कई स्थानों पर दबिश दी। हालांकि साबिर हाथ नहीं लगा।
बुधवार को कैराना कोतवाली क्षेत्र के खादर के गांव जंधेड़ी निवासी कुख्यात साबिर की तलाश में पुलिस की तीन टीमों ने कई स्थानों पर दबिशें दी। मुकीम गैंग का बदमाश साबिर डेढ़ माह पूर्व बाराबंकी पुलिस की कस्टडी से फरार हो गया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि साबिर यमुना खादर क्षेत्र में आकर छिप सकता है। इसी के चलते उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गईं। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र पंवार ने बताया कि साबिर के बारे में कुछ सूचना मिली थी, जिस पर क्राइम ब्रांच की टीम को साथ लेकर दबिश दी गई।
अतिक्रमण हटवाने की मांग
कैराना। व्यापारियों ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र भेजकर बाजारों से अतिक्रमण हटवाने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि कस्बा कैराना के बाजार और मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण हो रहा है, जिस कारण यातायात व्यवस्था बाधित रहती है। एसडीएम विजय प्रकाश तिवारी का कहना है कि जल्द ही रणनीति बनाकर अतिक्रमण हटवाया जाएगा।