थानाभवन। आबिद अली निवासी मादलपुर ने थाने में तहरीर देकर बताया कि पड़ोस के कुछ लोगों ने शनिवार को उसके घर के समीप कूड़ा डाल दिया और अपने बच्चों को भी शौच के लिए सड़क पर ही बैठा दिया। उसने इसका विरोध किया, तो आरोप है कि उक्त लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट कर दी। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गाली-गलौज कर मारपीट
थानाभवन। क्षेत्र के गांव जानीपुर निवासी महिला ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी गांव में ही खेत से घास लेने गई थी। इस दौरान गांव के ही कुछ युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज कर दी। जब उसने युवकों के घर पहुंचकर इस बात का विरोध किया, तो उक्त लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़िता ने कार्रवाई की मांग की हैं। वहीं, पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराकर जांच शुरू कर दी है।
ट्रक चोरी के मामले में आरोपी को जेल भेजा
थानाभवन। दो दिन पहले पंजाब के गोविंदगढ़ साहेब में पार्किंग के चोरी हुए ट्रक के मामले में पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। 25 अक्तूबर को पंजाब के गोविंदगढ़ साहेब मंडी में पार्किंग में खडे़ ट्रक को चोरी कर लिया था। ट्रक में जीपीएस सिस्टम लगा हुआ था तो ट्रक के मालिक अमित कुमार ने पुलिस व जीपीएस की मदद से ट्रक की लोकेशन चेक की, तो पता चला कि 26 अक्तूबर की तड़के ट्रक थानाभवन क्षेत्र में हींड पुलिया के समीप पाया गया। पंजाब पुलिस की सूचना के बाद भवन पुलिस ने हींड के समीप से ट्रक को बरामद करते हुए आरोपी हरविंद्र निवासी सुआ नगला बिलासपुर जिला रामपुर को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि शनिवार को मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी हरविंद्र को जेल भेज दिया है।
जान से मारने की धमकी देने का आरोप
थानाभवन। क्षेत्र के गांव भैसानी इस्लामपुर निवासी मुस्ताक ने थाने में तहरीर देकर बताया कि पड़ोसी किसान ने शनिवार को अपने ट्रैक्टर से उसके खेत की मेढ़ को तोड़ दिया। जब उसने इसका विरोध किया, तो आरोप है कि दूसरे पक्ष ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस से मामले में कार्रवाई करते हुए मेढ़ लगवाने की मांग की है।