थानाभवन (शामली)। ससुराल वालों को बेहोश कर एक महिला घर से नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गई। परिवारवालों ने उसको काफी ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। महिला के पति ने तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के गांव मोरमाजरा निवासी मंजू पुत्र बसंता ने बताया कि उसकी शादी नौ माह पूर्व लक्सर हरिद्वार क्षेत्र के गांव ढोड़की निवासी सोनिया के साथ हुई थी। चार सितंबर की रात उसकी पत्नी ने चाय में पूरे परिवार को नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दी। सुबह जब परिजन उठे, तो सोनिया घर से गायब थी। वह घर में रखे 350 ग्राम चांदी के आभूषण, 1200 रुपये और अन्य सामान लेकर चली गई। घटना का पता चलने पर उन्होंने परिजनों के साथ सोनिया को काफी ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। थानाध्यक्ष कृष्णकुमार ने बताया कि पहले मामले की जांच की जाएगी। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।