छुटमलपुर। बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सुंदरपुर से बाइक सवार दो युवकों द्वारा ले जाई गई किशोरी को पुलिस ने आरोपी के घर से बरामद कर लिया है। एक आरोपी भी पकड़ा गया। किशोरी को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है।
बता दें कि दो दिन पूर्व गांव सुंदरपुर निवासी ग्रामीण की 13 साल की बेटी को कुरढ़ीखेड़ा निवासी दो युवक बाइक पर लेकर फुर्र हो गए थे। पीड़ित पिता ने दोनों युवकों के खिलाफ बेटी को बहला फुसला कर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार की सुबह पुलिस ने मुखबिर की सूचना के बाद कुरढ़ीखेड़ा गांव में छापेमारी कर किशोरी को बरामद कर लिया। थानाध्यक्ष बिजेंद्र रावत ने बताया कि किशोरी को आरोपी के घर से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने छापेमारी कर एक आरोपी सन्नी पुत्र रघुबीर सैनी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरे आरोपी निखिल पुत्र किरणपाल की तलाश में दबिश दी जा रही है। आरोपी को जेल भेजने के साथ ही किशोरी को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेज दिया गया।