गांव करौदा हाथी निवासी प्रवीण की आत्महत्या के मामले में मौके से बरामद सुसाइड नोट की जांच राइटिंग एक्सपर्ट से कराई जाएगी। पुलिस का कहना है कि यह जानना जरूरी है कि प्रवीण की जेब से मिला सुसाइड नोट उसी ने लिखा था, या नहीं। वहीं, प्रवीण को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसके चलते गाजियाबाद स्थित उसके मकान पर दबिश भी दी गई, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगा।
14 मई को गांव हाथी करौदा निवासी प्रवीण का शव आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में बनत के पास पेड़ पर लटका मिला था। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला था, जिसमें प्रवीण ने अपनी मौत का जिम्मेदार गाजियाबाद निवासी सुशील कुमार को बताया था। प्रवीण के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या को उकसाने का मुकदमा थाना आदर्श मंडी में दर्ज कराया था। जिसके बाद से पुलिस आरोपी सुशील को गिरफ्तार करने के प्रयास में लगी हुई है। उधर, पुलिस ने प्रवीण के पास मिले सुसाइड नोट की राइटिंग एक्सपर्ट से जांच कराने के लिए भेज दिया है। मामले के विवेचक उपनिरीक्षक परवेज ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।