युवती को बेचने की साजिश में 11 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
शामली। फेसबुक पर दूसरे धर्म का बताकर दोस्ती कर युवती से जबरन निकाह, दुष्कर्म और सऊदी अरब में बेचने की साजिश रचने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक समेत 11 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
प्रयागराज की युवती ने बुधवार को एसपी अजय कुमार को प्रार्थना पत्र देकर गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के एक युवक पर फेसबुक पर दोस्ती की और दूसरे धर्म का बताकर उसे झांसे में ले लिया। इसके बाद उसे दिल्ली में बुलाकर होटल में पेय पदार्थ में नशे की गोलियां खिलाकर दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं अपने गांव में ले जाकर जबरन निकाह करने और आरोपी के परिजनों पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। पीड़िता ने आरोपियों पर उसे सऊदी अरब में बेचने साजिश रचने का आरोप लगाया था। एसपी ने गढ़ीपुख्ता थाना पुलिस को आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। थाना प्रभारी कपिल गौतम ने बताया कि एसपी के आदेश पर मुख्य आरोपी सोनू समेत 11 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।