हरियाणा पुलिस ने खुरगान में दबिश डाली
कैराना। रविवार को हरियाणा के सदर पानीपत थाने के एसआई कृष्ण कुमार ने टीम के साथ कोतवाली पहुंचकर आमद दर्ज कराई है। एसआई कृष्ण कुमार ने बताया कि उनके थाना क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में खुरगान निवासी फुरकान वांछित है। बाद में हरियाणा पुलिस ने आरोपी की तलाश में खुरगान में दबिश डाली। हालांकि आरोपी के नहीं मिलने पर पुलिस लौट गई।
नशाखोरी के खिलाफ पंचायत करेंगे
कैराना। सात सितंबर को गांव गोगवान में नशाखोरी के विरुद्ध ग्रामीण पंचायत करेंगे। इसके लिए गोगवान के ग्राम प्रधान के नेतृत्व में गांव के जिम्मेदार लोगों ने कोतवाली पहुंचकर नशाखोरी के विरुद्ध पंचायत में कोतवाली पुलिस को आने का न्योता दिया।
रविवार को गोगवान प्रधान गुलशन के नेतृत्व में मोहम्मद मशरूफ, फरजंद, मुरसलीन, पप्पू आदि ग्रामीण कोतवाली पहुंचे। कोतवाली पुलिस को गोगवान के ग्रामीणों ने बताया कि नशे की लत के कारण उनके बच्चे बर्बाद हो रहे हैं। वो सब मिलकर नशाखोरी रोकने के लिए सात सितंबर को गांव में पंचायत करेंगे। ग्रामीणों ने कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार को पंचायत में आने व नशाखोरी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने को कहा। कोतवाली प्रभारी के आश्वासन के बाद ग्रामीण लौट गए।